0

मधेपुरा: RJD विधायक पर रंगदारी मांगने का आरोप, संवेदक ने दर्ज कराया मुकदमा

By Dec 16, 2025

मधेपुरा में बुडको द्वारा 72 करोड़ की लागत से कराए जा रहे स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। निर्माण एजेंसी एए पटना (जेवी) के प्रोपराइटर अमित कुमार ने सदर थाना में आवेदन देकर कार्यस्थल पर पुलिस फोर्स व बॉडीगार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है।

उन्होंने स्थानीय राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर व उनके प्रतिनिधि आलोक कुमार मुन्ना समेत अन्य समर्थकों पर निर्माण कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप व रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी का गंभीर आरोप लगाया है। नौ दिसंबर को दिए गए आवेदन के आधार पर 15 दिसंबर को एफआइआर दर्ज किया गया है।

सदर विधायक के खिलाफ यह दूसरा केस है। इससे पहले 25 नवंबर को निर्माण कार्य में जुटे अररिया जिला निवासी मजदूर सोनू निगम ने केस दर्ज कराया था। उसमें 23 नवंबर की रात निरीक्षण के दौरान थप्पड़ मारने व गाली-गलौज करने के अलावा निर्माण एजेंसी से रंगदारी मांगने का आरोप था।

संवेदक अमित कुमार द्वारा 15 दिसंबर को दर्ज कराए गए केस के अनुसार विधायक एवं उनके 10 सहयोगी 23 नवंबर की रात्रि 9:25 बजे कार्यस्थल पर पहुंचकर मजदूर सोनू निगम को अचानक थप्पड़ मारकर गाली-गलौज करने लगे। इससे वह बुरी तरह डर गया। साथ ही कार्यस्थल पर अफरातफरी मच गई। इस घटना के बाद मजदूर सोनू निगम द्वारा सदर थाना में विधायक एवं अन्य के विरुद्ध केस किया गया।

विधायक के प्रतिनिधि आलोक कुमार मुन्ना द्वारा प्रोजेक्ट मैनेजर आशुतोष कुमार को वॉट्सऐप कॉल कर रंगदारी मांगी गई। जान से मारने व ठेकेदारी बर्बाद करने की धमकी भी दी जा रही है।

वहीं, विधायक प्रो. चंद्रशेखर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नाला निर्माण में घोर अनियमितता बरती जा रही है। मैं बीस सूत्री की बैठक व अन्य मंचों पर भी डीपीआर के मुताबिक काम कराने की मांग हमेशा करता रहा हूं। फर्जी मुकदमा लगातार दूसरी बार दर्ज कराया गया है। फर्जी मुकदमे की गीदड़भभकी से मैं डरने वाला नहीं हूं। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें