मधुबनी में डिप्टी सीएम पद पर सियासी हलचल तेज, होर्डिंग्स से बढ़ी मांग
बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर में इन दिनों उपमुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। अनुमंडल मुख्यालय क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और बाजारों में लगे होर्डिंग्स ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। इन पोस्टरों के माध्यम से स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि झंझारपुर विधानसभा के विधायक नीतीश मिश्रा को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाने की खुली मांग कर रहे हैं।
इस मांग ने तब और जोर पकड़ा जब हाल ही में नीतीश मिश्रा ने झंझारपुर विधानसभा सीट से रिकॉर्ड मतदान अंतर के साथ लगातार पांचवीं बार जीत हासिल की। स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील करते हुए कहा है कि विधायक नीतीश मिश्रा ने अपने पुराने 42 हजार वोट के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इस बार 55 हजार मतों के विशाल अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
होर्डिंग लगाने वाले स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में संजीव महाजन, ललन यादव, सुनील मिश्र, वार्ड पार्षद गंगा प्रसाद यादव, बीरेंद्र नारायण भंडारी, सिंहेश्वर राय, रौशन झा, धीरज साह, महेश केजरीवाल, राघवेंद्र सिंह, राजू मंडल, राजा कुमार, अरुण गुप्ता, सियाकांत वर्ण और बैजू ठाकुर सहित कई प्रमुख लोग शामिल हैं। इन्होंने जोर देकर कहा कि विधायक नीतीश मिश्रा हमेशा से जनता के ‘दिल अजीज’ रहे हैं।
लोगों का तर्क है कि एनडीए सरकार में मंत्री रहते हुए नीतीश मिश्रा ने प्रदेश के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनकी इस सक्रियता और जनसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए इलाके में उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग तेजी से बढ़ रही है। यह देखना दिलचस्प होगा कि स्थानीय जनता की यह मांग राजनीतिक गलियारों में कितनी गंभीरता से ली जाती है और इसका क्या प्रभाव पड़ता है।
