0

मधेपुरा में युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

By Nov 25, 2025

मधेपुरा जिले के गमहरिया थाना क्षेत्र के सिहपुर गांव में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है, जब गांव के ही 45 वर्षीय रविंद्र सुतिहार अपने बड़े भाई के आरा मील से जलावन लादकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीपल वृक्ष के समीप बजरंगबली मंदिर के पास घात लगाए अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

सूत्रों के अनुसार, रविंद्र को पेट, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों में 10 से 11 गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर एक दर्जन से अधिक खोखे बिखरे मिले, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने में स्वचालित हथियार का इस्तेमाल किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की मौत गोली लगने से हुई है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मुख्यालय डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ मधेपुरा ने बताया कि फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें।

ग्रामीणों ने बताया कि रविंद्र सुतिहार मृदुल स्वभाव के व्यक्ति थे और उनका किसी से कोई बैर नहीं था। वे बढ़ई का काम करते थे और चारों भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी पत्नी चुन्नी देवी और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही गांव में असुरक्षित महसूस करने लगते हैं और इस घटना ने उनकी चिंताएं और बढ़ा दी हैं।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

मधेपुरा में हथियार तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार, 6 हथियार बरामद

मधेपुरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के शाहजादपुर और नयानगर गांव में सोमवार की रात हुई छापेमारी में पुलिस ने न...
By Nov 25, 2025

साझा करें