0

मधेपुरा में 65 ग्राम स्मैक संग दो तस्कर गिरफ्तार, 25 हजार नकद जब्त

By Nov 23, 2025

मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज में पुलिस ने शुक्रवार की रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। नगर परिषद मुख्यालय के वार्ड संख्या 15 निवासी रवि प्रकाश गुप्ता और वार्ड चार निवासी धर्मदेव चौरसिया को उनके घर के पास से ही पकड़ा गया। पुलिस ने जब तलाशी ली तो उनके पास से 65 ग्राम स्मैक, 25,400 रुपये नकद, एक पैकिंग मशीन, एक तौलने वाली मशीन, 145 ग्राम जिप लॉक बैग और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

सूत्रों के अनुसार, उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड संख्या 15 निवासी रवि प्रकाश गुप्ता अपने साथी धर्मदेव चौरसिया के साथ मिलकर घर के आगे बाड़ी में कोरेक्स और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करता है। इस सूचना के आधार पर, थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और वरीय अधिकारियों को सूचित कर छापेमारी की गई।

पुलिस को देखते ही दोनों तस्कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान, रवि प्रकाश गुप्ता के घर के आगे बाड़ी और केला के पेड़ के पास छिपाकर रखा गया मादक पदार्थ (स्मैक), नकद राशि, पैकिंग मशीन और मोबाइल फोन बरामद हुए।

एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार रवि प्रकाश गुप्ता का मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में पुराना इतिहास रहा है और वह पहले भी इस मामले में जेल जा चुका है। वहीं, दूसरे तस्कर धर्मदेव चौरसिया के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रही है। इस छापेमारी अभियान में पुनि सह थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार, एसआइ गौरव कुमार, एसआइ अजीत कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें