एमबीबीएस सीटों के आवंटन पर जम्मू में आक्रोश, श्राइन बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन
जम्मू संभाग में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अधीन संचालित मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों के आवंटन को लेकर सियासत गरमा गई है। छात्रों और अभिभावकों में इस मुद्दे पर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है, जिसके चलते श्राइन बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है।
सोमवार को राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जम्मू शहर में प्रदर्शन कर श्राइन बोर्ड प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। कार्यकर्ताओं का एक समूह राजभवन की ओर एक रैली निकाल रहा था, जिसे पुलिस ने शहर के कच्ची छावनी क्षेत्र में रोक दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को एक ज्ञापन सौंपना था।
सुबह से ही शहर के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और श्राइन बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राजभवन की ओर कूच करने लगे। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। राजभवन की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और बैरिकेड्स लगाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया था। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोका, जिसके परिणामस्वरूप थोड़ी धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हुई। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में रखा और तनाव को बढ़ने से रोका।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन राजभवन की ओर रैली निकालना प्रोटोकॉल के विरुद्ध है।
इस प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने कहा कि श्राइन बोर्ड के अधीन आने वाले शिक्षण संस्थान जनसाधारण के चंदे से चलते हैं, जिनमें अधिकांश हिंदू श्रद्धालु होते हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे संस्थानों का लाभ हिंदुओं को प्राथमिकता के आधार पर मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि श्राइन बोर्ड के अधीन चल रहे कॉलेज में अधिकांश सीटें मुस्लिम समुदाय के छात्रों को आवंटित की गई हैं, जो आस्था पर कुठाराघात है। बजरंगी ने कहा कि देशभर से आने वाले श्रद्धालु माता वैष्णो देवी धाम में जो चढ़ावा चढ़ाते हैं, उस धन का उपयोग हिंदुओं के कल्याण के लिए होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि श्राइन बोर्ड के अधीन मेडिकल कालेज की 90 प्रतिशत सीटें हिंदुओं से भरी जानी चाहिए।
