0

मौसी कहकर लूटा, गन पॉइंट पर परिवार को बंधक बनाकर की लूटपाट

By Dec 6, 2025

मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे के मुहल्ला लाल मोहम्मद में शुक्रवार रात एक परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट करने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने ‘मौसी’ कहकर दरवाजा खुलवाया और शादी के सजावटी सामान को उतारने का बहाना बनाकर घर में घुसपैठ की।

घटना शुक्रवार देर रात करीब पौने दस बजे हुई, जब मुहल्ला लाल मोहम्मद निवासी नाजिम के घर की डोरबेल बजी। नाजिम की पत्नी शबीना दरवाजा खोलने पहुंचीं तो बाहर से आवाज आई, ‘खाला (मौसी) दरवाजा खोल दो, हम बिजली वाले हैं। घर पर शादी के दौरान सजावट का जो सामान लगाया था, उसे उतारने आए हैं।’ बदमाशों ने हेलमेट लगा रखे थे और एक ने कपड़े से चेहरा ढका हुआ था।

नाजिम ने बताया कि जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, दो बदमाश अंदर घुस आए। उन्होंने शबीना को कमरों की चाबियां देने से मना करने पर गोली मारने की धमकी दी। घबराई शबीना ने चाबियां सौंप दीं। इसके बाद बदमाशों ने शबीना और नाजिम के मुंह और हाथों पर टेप बांध दी। घर पर मौजूद पड़ोसी नवेद और उनकी पत्नी शीबा को टेप नहीं बांधी गई।

इसके बाद बदमाशों ने बेखौफ होकर घर के सभी कमरों को खंगाला। उन्होंने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने घर में चार करोड़ रुपये होने की बात भी कही। करीब पौन घंटे तक बदमाशों ने परिवार के चार सदस्यों को गन पॉइंट पर बंधक बनाए रखा।

लूटपाट के बाद बदमाश सभी को एक कमरे में बंद करके और दरवाजे की कुंडी लगाकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद, बंधक बनाए गए लोगों ने शोर मचाया और दरवाजा जोर-जोर से हिलाया, जिससे कुंडी खुल गई। बाहर निकलकर उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद पड़ोसी एकत्र हो गए और परिवार के अन्य सदस्य भी मुजफ्फरनगर से लौट आए।

पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों के पास तमंचे और छुरी थे। वे कद-काठी से युवा और लंबे-तगड़े थे। उनकी बोलचाल में मुस्लिम भाषा का मिश्रण था। जब नाजिम ने उन्हें भाई कहकर जेवर और नगदी न ले जाने की गुहार लगाई, तो उन्होंने ‘बहन’ कहकर उनकी जान बख्शने की बात कही। उन्होंने नवेद और शीबा के बारे में कहा कि ‘जैसे ये तुम्हारे मेहमान हैं, वैसे ही हमारे हैं।’ इस पूरी घटना के दौरान परिवार के सदस्य पौन घंटे तक खौफ के साए में रहे।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें