लखनऊ news: पालतू कुत्ते की बीमारी से दुखी दो बहनों ने की आत्महत्या
लखनऊ के पारा इलाके में दो बहनों की आत्महत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। 24 वर्षीय राधा सिंह और 22 वर्षीय जिया सिंह ने अपने पालतू कुत्ते की गंभीर बीमारी से परेशान होकर फिनाइल पीकर जान दे दी। दोनों बहनें अपने जर्मन शेफर्ड डॉग ‘टोनी’ से बेहद लगाव रखती थीं। कुत्ते की तबीयत खराब होने के कारण वे पिछले कई दिनों से गहरे अवसाद में थीं।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, टोनी पिछले एक महीने से बीमार था और उसने खाना-पीना छोड़ दिया था। कुत्ते की यह हालत देखकर राधा और जिया ने भी खाना छोड़ दिया था और वे लगातार तनाव में रहती थीं। बुधवार को घर लौटने के बाद जब उनकी मां ने उन्हें दर्द में देखा, तो उन्होंने फिनाइल पीने की बात बताई।
अस्पताल ले जाते समय राधा की मौत हो गई, जबकि जिया ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मां ने बताया कि मरने से पहले बहनों ने उनसे एक ही गुजारिश की थी: “हमारे जाने के बाद कुत्ते को घर से मत निकालना, उसे यहीं रखना और दवाइयां देते रहना।” परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। पिता कैलाश सिंह पिछले छह महीने से बीमार हैं और बिस्तर पर हैं। परिवार ने सात साल पहले एक बेटे को भी खो दिया था।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि परिवार पहले से ही कई मुश्किलों का सामना कर रहा था, और पालतू कुत्ते की बीमारी ने बहनों को गहरे अवसाद में धकेल दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए हैं।
