कानपुर देहात में शीतलहर और घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त, Kanpur Dehat news
कानपुर देहात में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का कहर जारी है, जिसके चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बुधवार को भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे दिन की शुरुआत हुई। घने कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण सड़कों और हाई वे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। दिल्ली-हावड़ा रूट पर चलने वाली रेलगाड़ियों की रफ्तार भी धीमी रही, जिसके कारण यात्रियों को स्टेशन पर ठिठुरते हुए ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।
कड़ाके की सर्दी के चलते लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। जिन लोगों को जरूरी काम से बाहर निकलना पड़ा, उन्हें कोहरे और सर्द हवाओं का सामना करते हुए सफर तय करना पड़ा। ठंडी हवाएं खासकर दोपहिया वाहन चालकों को बुरी तरह ठिठुरा रही हैं। सर्दी बढ़ने के बावजूद अधिकांश स्थानों पर अलाव ठंडे पड़े रहे, जिसके कारण लोग कूड़ा जलाकर सर्दी से बचने का प्रयास करते दिखे।
घने कोहरे के कारण सुबह के समय पूरा इलाका कोहरे की चादर से लिपटा नजर आया। पारा गिरने और ठंडी हवा के चलते रात में भी कड़ाके की सर्दी रही, जिससे रजाई और कंबलों में भी लोगों को ठिठुरन महसूस हुई। सर्द मौसम ने इंसानों के साथ-साथ खुले आसमान में रहने वाले पशु-पक्षियों को भी बेहाल कर दिया है।
