पाकिस्तान में LeT नेता का भारत विरोधी भाषण, ‘Pakistan terrorism’ पर खुली पोल
पाकिस्तान में आतंकवाद को समर्थन देने की सच्चाई एक बार फिर सामने आई है। लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के उप-प्रमुख सैफुल्लाह कसूरी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह लाहौर में खुलेआम भारत विरोधी बातें कर रहा है। यह वीडियो हाफिज सईद के समर्थन वाली पार्टी पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) के फेसबुक अकाउंट से साझा किया गया है।
सैफुल्लाह कसूरी को पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड माना जाता है। इस वीडियो में वह एक जनसभा को संबोधित कर रहा है। पाकिस्तान हमेशा से दावा करता रहा है कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए नहीं होने देगा। हालांकि, लाहौर में हाफिज सईद के करीबी का खुलेआम जनसभा करना और लोगों को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसाना पाकिस्तान के झूठे दावों की पोल खोलता है।
सुरक्षा बलों के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस वीडियो पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह घटना दर्शाती है कि पाकिस्तान इन आतंकी संगठनों को किस तरह मंच मुहैया कराता है। कसूरी ने अपने भाषण में भारत के खिलाफ कई धमकियां दीं और दावा किया कि भारत अगले 50 वर्षों तक पाकिस्तान को चुनौती देने की हिम्मत नहीं करेगा।
अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि सैफुल्लाह कसूरी का बयान पाकिस्तान की आतंकवादियों के साथ मिलीभगत को दिखाता है। यह पाकिस्तान के उन दावों के विपरीत है कि वह आतंकवाद से संबंधित गतिविधियों के लिए अपनी धरती का इस्तेमाल नहीं होने देगा।
