लियोनार्डो डिकैप्रियो की सौतेली मां हैं सिख, Hollywood actor ने इंटरव्यू में किया खुलासा
हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो ने हाल ही में टाइम मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में अपने निजी जीवन और परिवार के बारे में बात की। इस दौरान उन्होंने खुलासा किया कि उनकी सौतेली मां सिख हैं। यह जानकारी सामने आने के बाद उनके भारतीय प्रशंसकों के बीच काफी चर्चा हो रही है।
डिकैप्रियो ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि उनके पिता जॉर्ज डिकैप्रियो 1970 के दशक में सैन फ्रांसिस्को और लॉस एंजिल्स में हिप्पी काउंटरकल्चर और अंडरग्राउंड आर्ट सीन से गहराई से प्रभावित थे। उन्होंने कहा, “मेरी सौतेली मां सिख हैं।”
लियोनार्डो डिकैप्रियो की सौतेली मां का नाम पैगी डिकैप्रियो है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह एक अमृतधारी सिख हैं और अक्सर उन्हें पगड़ी और पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में देखा जाता है। पैगी ने 1995 में जॉर्ज डिकैप्रियो से शादी की थी। उनका एक बेटा एडम फरार है, जो लियोनार्डो का सौतेला भाई है। लियोनार्डो के माता-पिता, जॉर्ज डिकैप्रियो और इर्मेलिन इंडेनबिर्केन, उनके जन्म के एक साल बाद ही अलग हो गए थे।
इंटरव्यू में डिकैप्रियो ने ‘वन्स अपॉन ए टाइम इन हॉलीवुड’ के सेट का एक मजेदार किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब उनके पिता और सौतेली मां सेट पर आए थे, तो उनके सह-कलाकार ब्रैड पिट को विश्वास ही नहीं हुआ कि वे उनके माता-पिता हैं। डिकैप्रियो ने कहा, “मैंने ब्रैड से कहा, ‘वे मेरे पिता और सौतेली मां हैं,’ और उसने कहा, ‘हां, ठीक है।’ मैंने कहा, ‘नहीं, वे सच में हैं।’ उसने कहा, ‘हां! ठीक है।’ मैंने कहा, ‘मुझे पता है कि वे फिल्म में एक्स्ट्रा जैसे दिखते हैं, लेकिन वे सच में हैं। वे हर दिन ऐसे ही कपड़े पहनते हैं।’ यह एक शानदार पल था।”
