लखीमपुर खीरी में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध, टीम को लौटना पड़ा
लखीमपुर खीरी टाउन में बुधवार को स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर उपभोक्ताओं और बिजली विभाग की टीम के बीच जमकर नोकझोंक हुई। स्थानीय निवासियों के कड़े विरोध के चलते विभाग की टीम को करीब दो घंटे की गहमा-गहमी के बाद बिना स्मार्ट मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे किसी भी सूरत में स्मार्ट मीटर नहीं लगवाना चाहते।
बिजली विभाग इन दिनों जिले भर में स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान को तेजी से चला रहा है। पांच नवंबर को भी खीरी टाउन में मीटर लगाने पहुंची टीम को विरोध का सामना करना पड़ा था। बुधवार को एक बार फिर पुलिस बल के साथ पहुंची लगभग 50 से 60 लोगों की टीम, जिसमें विभागीय अफसर, कर्मचारी, राजस्व और पुलिसकर्मी शामिल थे, मोहल्ला शेखसरायं के कुछ घरों में मीटर लगाने पहुंची।
जैसे ही टीम ने मीटर लगाने की कोशिश की, स्थानीय उपभोक्ताओं ने इसका पुरजोर विरोध शुरू कर दिया। उपभोक्ताओं ने स्पष्ट रूप से मीटर लगवाने से मना कर दिया। कुछ कर्मचारियों द्वारा जबरन मीटर लगाने का प्रयास करने पर उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।
सूचना मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष के पति फहीम अहमद मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरगाह में स्थित मुमताज मियां की मौजूदगी में बैठकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका। विरोध की गंभीरता को देखते हुए, बिजली विभाग की टीम कुछ ही मीटर लगाने के बाद बैरंग वापस लौट गई। इस घटना के कारण क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बना रहा।
