लापता छात्र का शव तालाब में मिला, आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षकों को बनाया बंधक
बिहार के कोटवा थाना क्षेत्र के मच्छरगांवा बनकटवा मध्य विद्यालय से लापता पांचवीं कक्षा के 11 वर्षीय छात्र रवि कुमार का शव शनिवार को विद्यालय के बगल स्थित तालाब से बरामद हुआ। मंगलवार, 02 दिसंबर को स्कूल से लापता हुए छात्र के शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर में जमा हो गए और शिक्षकों को बंधक बना लिया। महिला शिक्षक भीड़ के आक्रोश को देखते हुए पहले ही विद्यालय से निकल गई थीं। घटना की सूचना पर कोटवा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस बल और कई थानों की पुलिस को एहतियातन बुलाया गया।
ग्रामीण शिक्षकों की संदिग्ध भूमिका और पुलिस की कथित लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मांग थी कि वरीय पदाधिकारी और डॉग स्क्वॉड की टीम को घटनास्थल पर बुलाया जाए। इस बीच, सदर टू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीतेश पांडेय और डॉग स्क्वॉड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जब पुलिस तालाब से छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी, तो महिलाओं ने इसका विरोध किया और शव को रोक लिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और डीएसपी द्वारा न्याय दिलाने के आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। इस घटना में बंधक बनाए गए सभी 6 शिक्षकों को पुलिस थाने ले आई, जिनमें प्रधान शिक्षक विकास कुमार, कृष्ण किशोर प्रसाद यादव, अशोक कुमार, उपेंद्र कुमार, रोहित कुमार और उपेंद्र कुमार-2 शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को विद्यालय में स्कूल बैग और कॉपी का वितरण हो रहा था, उसी दौरान छात्र रवि कुमार गायब हो गया था। छात्र के पिता मुकेश प्रसाद ने बताया कि मंगलवार शाम से ही उसकी खोजबीन की जा रही थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
