लैपटॉप को हमेशा चार्ज पर रखना: सुरक्षित या नुकसानदेह? जानें विशेषज्ञों की राय
आजकल लैपटॉप का इस्तेमाल करने वाले कई लोग इसे लगातार चार्जिंग पर लगाकर रखते हैं, जो एक आम आदत बन गई है। कुछ लोग तो इसका इस्तेमाल न करने पर भी इसे चार्जिंग पर ही छोड़ देते हैं। चाहे घर से काम कर रहे हों या ऑनलाइन क्लास ले रहे हों, कई लोग अपने लैपटॉप को लगातार पावर से कनेक्ट करके रखते हैं।
ऐसे में एक बड़ा सवाल यह है कि क्या लैपटॉप को हमेशा प्लग इन रखना सुरक्षित है या यह आदत धीरे-धीरे बैटरी लाइफ को कम कर रही है? सूत्रों के अनुसार, हाल ही में फिजिकल केमिस्ट्री केमिकल फिजिक्स जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में बताया गया है कि लिथियम-आयन बैटरी अगर लंबे समय तक हाई चार्ज लेवल पर लगी रहती है और हीट के संपर्क में आती है, तो उसकी लाइफ तेजी से कम हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आजकल जो एडवांस लैपटॉप आ रहे हैं, उनमें एक स्मार्ट चार्जिंग सिस्टम लगा होता है, जो बैटरी 100% होने के बाद चार्जिंग को रोक देता है। यह सिस्टम लैपटॉप को ओवरचार्जिंग से बचाता है। रेगुलर लैपटॉप को प्लग इन रखना बैटरी को तुरंत नुकसान नहीं पहुंचाता, लेकिन आपको समय-समय पर बैटरी को थोड़ी देर डिस्चार्ज होने देना चाहिए। इससे लैपटॉप की बैटरी हेल्थ अच्छी होती है।
हालांकि, विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि बैटरी को लंबे समय तक 100% चार्ज पर रखना उसकी लाइफ को धीरे-धीरे कम करता है। यह नुकसान पहले तो दिखाई नहीं देता, लेकिन कई महीनों बाद बैटरी हेल्थ ड्रॉप होने लगती है।
यदि आप ज्यादातर समय डेस्क पर काम करते हैं, भारी सॉफ्टवेयर या वीडियो कॉल पर रहते हैं, तो चार्जिंग पर रखना बिल्कुल सही है। बस इस बात का ख्याल रखें कि लैपटॉप ठंडा रहे और वेंटिलेशन अच्छा हो।
इसलिए, लैपटॉप को चार्जिंग पर रखने की आदत को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए। बैटरी को ओवरचार्जिंग से बचाना और समय-समय पर उसे डिस्चार्ज करना ज़रूरी है।
