कुरुक्षेत्र: मौत का हाईवे! गड्ढों से भरी सड़क ने ली दो जान, प्रशासन बेखबर
शाहाबाद के गांव धुराला से धंतौड़ी तक की पीडब्ल्यूडी सड़क ग्रामीणों के लिए मौत का रास्ता बन चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे खड्डे हैं और इसकी परत उखड़ चुकी है, जिससे सफर बेहद खतरनाक हो गया है।
इस बदहाली के कारण अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन की उदासीनता बरकरार है। रोजाना चार से छह गांवों के हजारों लोग इस मार्ग से गुजरते हैं। चनार्थल और सराय सुखी के पास हालात सबसे अधिक खराब हैं, जहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
रात के समय अंधेरा और सर्दियों में घनी धुंध इस सड़क को और भी जानलेवा बना देती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी बीमार को अस्पताल ले जाना पड़े तो रास्ते की हालत के कारण जान बचाना मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों और कार सवारों को डर के साए में गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यह सड़क 2023 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी थी, लेकिन दो साल में ही जर्जर हो गई, जो निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।
शाहाबाद की एसडीएम चिनार चहल ने इस मामले पर संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित विभाग को दिशा-निर्देश दिए हैं और सड़क सुरक्षा कमेटी में भी इस विषय को उठाने की बात कही है। उन्होंने जल्द ही सड़क को ठीक करवाने का आश्वासन दिया है।
