0

खुसरूपुर में गंगा किनारे से 1800 लीटर शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

By Nov 29, 2025

खुसरूपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को गंगा घाट किनारे एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नाव से 1800 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इस दौरान पुलिस ने शराब की खेप के साथ एक नाव और एक बाइक को भी कब्जे में लिया। पुलिस ने मौके से दो तस्करों, विकास और बबलू को गिरफ्तार किया है। खुसरूपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

सूत्रों के अनुसार, थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि गंगा नदी के रास्ते वैशाली जिले से भारी मात्रा में देशी शराब खुसरूपुर की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खुसरूपुर गंगा घाट पर घेराबंदी कर ली। जैसे ही शराब से लदी नाव घाट पर लगी, पुलिस को देखते ही तस्कर और नाविक भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया।

इसी क्रम में, नदी थाना पुलिस ने सबलपुर मस्जिद गली स्थित एक गैरेज में छापेमारी कर चोरी के तीन टेम्पो और दो बाइक बरामद की हैं। नदी थाना के अपर थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने इस बरामदगी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सबलपुर में एक गैरेज में चोरी के वाहनों को लाकर बेचा जाता है। गैरेज संचालक चोरी के वाहनों को काटकर कबाड़ी के भाव में बेच देता है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने फौरन गैरेज पर छापा मारा। पुलिस को देखकर गैरेज संचालक मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से तीन चोरी के टेम्पो और दो बाइक जब्त की हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस फरार गैरेज संचालक की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच में जुटी है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें