खालिदा जिया की लंदन यात्रा टली: एयर एंबुलेंस में आई खराबी, मेडिकल बोर्ड ने भी दी रोक
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की लंदन यात्रा को मेडिकल बोर्ड ने अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया है। उन्हें रविवार को लंदन के लिए रवाना होना था, लेकिन कतर द्वारा उपलब्ध कराए गए एयर एंबुलेंस में तकनीकी समस्या आ गई, जिसके कारण शुक्रवार को ही यात्रा की योजना स्थगित करनी पड़ी थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दोहा ने बाद में जर्मनी से एक वैकल्पिक विमान किराए पर लिया था।
हालांकि, उनके निजी चिकित्सक डॉ. ए.जेड.एम. जाहिद हुसैन ने बताया कि मेडिकल बोर्ड का मानना है कि इस समय उनका विदेश जाना उचित नहीं है। बोर्ड को विश्वास है कि बेगम खालिदा जिया अपनी वर्तमान शारीरिक जटिलताओं से उबर जाएंगी। खालिदा जिया को 23 नवंबर को संक्रमण होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिससे उनके हृदय और फेफड़े दोनों प्रभावित हुए थे। मेडिकल बोर्ड ने पहले उन्हें उन्नत उपचार के लिए लंदन भेजने पर सहमति जताई थी।
