खगड़िया में नकली खाद-बीज का धंधा बंद होगा: विधायक बबलू मंडल
खगड़िया। खगड़िया सदर के नवनिर्वाचित जदयू विधायक बबलू मंडल ने रविवार को गौशाला रोड स्थित एक विवाह भवन में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए नकली खाद-बीज के कारोबार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि खगड़िया में अब नकली खाद-बीज का धंधा कतई नहीं चलेगा। यह किसानों के साथ सरासर धोखा और अपराध है, जिससे उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विधायक मंडल ने आश्वासन दिया कि किसानों को उचित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं द्वारा दी गई ताकत को वे विकास कार्यों में बदलेंगे। उन्होंने खगड़िया के विकास के लिए अपनी रूप-रेखा प्रस्तुत की, जिसका एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
समारोह के दौरान विधायक ने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जल्द ही खगड़िया में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास कराने का प्रयास करने की बात कही। इसके अतिरिक्त, उन्होंने क्षेत्र के सभी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्वास्थ्य उप-केंद्रों, पीएचसी-सीएचसी और सदर अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं को और अधिक सुंदर, सुलभ एवं आधुनिक बनाने का संकल्प लिया।
बबलू मंडल ने इस जीत को अपनी व्यक्तिगत जीत न बताते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता और मतदाता के विश्वास की जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करने का परिणाम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं पर शत-प्रतिशत खरा उतरने का संकल्प दोहराया और कार्यकर्ताओं के सम्मान को सर्वोपरि रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे हर कार्यकर्ता के साथ मजबूती से खड़े हैं।
इस समारोह की अध्यक्षता जदयू के कार्यकारी जिला अध्यक्ष राजकुमार फोगला ने की, जबकि संचालन जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने किया। जदयू जिला उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक चंद्रमुखी देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष मनीष कुमार सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
