खेलो इंडिया गेम्स के लिए एएमयू की हॉकी टीम रवाना नहीं, खिलाड़ियों में भारी नाराजगी
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की हॉकी टीम खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भाग लेने के लिए जयपुर रवाना नहीं हो सकी है, जिससे खिलाड़ियों में भारी नाराजगी है। यह मामला तब और गंभीर हो गया जब नॉर्थजोन इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स में अपनी टीम को चैंपियन बनाने वाले कप्तान मोहम्मद सैफ को खेलो इंडिया गेम्स की टीम में जगह नहीं दी गई। इस फैसले से नाराज अधिकतर खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में खेलने से साफ इनकार कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में अलीगढ़ में आयोजित नॉर्थजोन इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स में एएमयू की टीम ने मोहम्मद सैफ की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया था। इस जीत के साथ ही टीम ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए अपना टिकट पक्का कर लिया था। नियमानुसार, नॉर्थ जोन की विजेता चार टीमों को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में खेलने का अधिकार प्राप्त है।
हालांकि, अब जयपुर में आयोजित हो रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन करते समय कप्तान मोहम्मद सैफ को बाहर कर दिया गया। टीम सेलेक्टर्स ने सैफ के यूनिवर्सिटी में एडमिशन न होने को इसके पीछे का कारण बताया है। सैफ ने इस बात पर आपत्ति जताते हुए कहा कि नियमानुसार उनका चयन होना चाहिए था।
इस विवाद के चलते, एक रैंक नीचे के खिलाड़ी रेहान को टीम की कमान सौंपी गई है और उसके नेतृत्व में टीम को जयपुर भेजने की तैयारी की जा रही है। लेकिन, अधिकतर खिलाड़ियों ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया है और उन्होंने सैफ के बिना टीम के साथ जयपुर जाने से साफ मना कर दिया है।
स्थिति यह है कि 26 नवंबर को एएमयू और वीर बहादुर सिंह यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबला होना है, लेकिन 25 नवंबर की देर रात तक भी टीम रवाना नहीं हो सकी है। इस पूरे मामले ने 18 खिलाड़ियों के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है, क्योंकि खेलो इंडिया जैसे बड़े टूर्नामेंट में खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है। मोहम्मद सैफ ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में एएमयू के कुलपति और रजिस्ट्रार को भी अपनी शिकायत भेजने की बात कही है, ताकि इस मामले का शीघ्र समाधान निकल सके।
