खेल दिवस पर गायत्री पब्लिक स्कूल में गूंजे उत्साह और अनुशासन के नारे
गायत्री पब्लिक स्कूल, शास्त्रीपुरम में शुक्रवार को खेल दिवस का आयोजन किया गया, जो छात्रों के उत्साह और खेल भावना का प्रतीक बना। इस अवसर पर विद्यालय परिसर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के शोर से गूंज उठा। छात्रों ने रस्साकशी से लेकर बाधा दौड़ तक, कई रोमांचक प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार की ड्रिल्स प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खेल दिवस का शुभारंभ विद्यालय की संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती राधा रानी शर्मा ने ध्वजारोहण और मशाल प्रज्ज्वलित करके किया। इसके पश्चात, मैनेजिंग डायरेक्टर श्री प्रद्युम्न चतुर्वेदी ने छात्रों को खेल शपथ दिलाई, जिसमें उन्होंने निष्ठा और खेल भावना से खेलने का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य श्रीमती मोनिका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं हैं, बल्कि ये आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना को विकसित करने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने छात्रों को खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं का सिलसिला 50 मीटर, 80 मीटर दौड़, पपी पॉल्स, बडी क्रॉल, ऑब्स्टेकल रेस, रिले रेस और रस्साकशी जैसी स्पर्धाओं के साथ जारी रहा। इन सभी में बच्चों ने अपनी फुर्ती, चपलता और कौशल का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित लोगों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
इसके अतिरिक्त, जिमनास्टिक्स, पीटी, फुटबॉल और ताइक्वांडो के प्रदर्शनों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से, अभिभावकों की भागीदारी ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया, जब वे भी कुछ दौड़ों में शामिल हुए और मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के अंत में, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को श्रीमती राधा रानी शर्मा, श्री प्रद्युम्न चतुर्वेदी, श्रीमती मोनिका सिंह और हेड मिस्ट्रेस इला कुमार द्वारा मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। हेड मिस्ट्रेस इला कुमार ने बताया कि नर्सरी से कक्षा 5 तक के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने इस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया, जो विद्यालय के खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
