0

कटिहार: 14 साल पुराना नोटिस फाइलों में, महादलितों का रास्ता बंद, 300 परिवार परेशान | Bihar News

By Jan 13, 2026

कटिहार के आजमनगर प्रखंड के पलसा गांव में 300 महादलित परिवार पिछले 14 सालों से सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण के कारण मुख्य मार्ग बंद होने से परेशान हैं। पीड़ित परिवारों ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर बताया है कि वर्ष 2011 में तत्कालीन अंचलाधिकारी द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन आज तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

अतिक्रमणकारी जोधन रजक ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे इन परिवारों को आने-जाने के लिए दूसरों के खेतों से होकर गुजरना पड़ता है। इससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, बीमारों के इलाज और रोजमर्रा के कामों में भी भारी दिक्कतें आ रही हैं।

पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने कई बार अंचल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय और अन्य विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई है, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है और नतीजा शून्य रहा है। फाइलों में कैद इस नोटिस के कारण अतिक्रमणकारी का हौसला और बढ़ गया है, जो खुलेआम सरकारी जमीन पर कब्जा जमाए हुए है। इस बंद रास्ते से 37 घरों के तीन सौ परिवार हर दिन कीचड़ भरे इलाकों से गुजरने को मजबूर हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें