कटिहार सदर अस्पताल में कैदी का हंगामा, कैदी वार्ड में की जमकर तोड़फोड़
कटिहार सदर अस्पताल में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब इलाज के लिए लाए गए एक कैदी ने कैदी वार्ड में अचानक उग्र होकर हंगामा शुरू कर दिया। अमदाबाद थाना क्षेत्र के एक मामले में जेल में बंद आरोपित शंभू मंडल की तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के कैदी वार्ड लाया गया था। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उसने वार्ड को रणक्षेत्र में तब्दील कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कैदी ने वार्ड का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अस्पताल के सामान की जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद गार्डों से भी उसकी धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। कैदी के इस आक्रामक रवैये और लगातार किए जा रहे हमले को देखकर यह आशंका जताई जा रही थी कि वह मौके का फायदा उठाकर अस्पताल से भागने की कोशिश में था। जेल गार्डों ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि कैदी ने जानबूझकर हमला किया और वह लगातार फरार होने की फिराक में था।
हंगामा बढ़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल नगर थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेल गार्डों के साथ मिलकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। काफी जद्दोजहद और मशक्कत के बाद पुलिस और जेल गार्डों की संयुक्त टीम कैदी को काबू में करने में सफल रही। इस घटना के दौरान अस्पताल में अफरातफरी का माहौल बन गया था, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में भय व्याप्त हो गया।
सूत्रों के अनुसार, कैदी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। इस घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
