Kasganj news: पटियाली तहसील में DM का औचक निरीक्षण, लेखाकार पर कार्रवाई के निर्देश
कासगंज जिले के पटियाली तहसील और ब्लॉक कार्यालयों में जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली में कई खामियां पाईं और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने पाया कि लेखाकार फीरोज अहमद का स्थानांतरण कासगंज हो चुका है, लेकिन उन्होंने अभी तक पटियाली का चार्ज नहीं सौंपा है। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल चार्ज सौंपने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शिकायत बाबू की शिकायत पंजिका अद्यतन न होने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पंजिका को तुरंत अपडेट करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, न्यायालयों में लंबित मामलों की पत्रावलियों के समुचित संधारण न होने पर एसडीएम न्यायिक और पेशकार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने अधिकारियों से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पटियाली के गांव अशोकपुर में फार्मर रजिस्ट्री कैम्प का भी निरीक्षण किया और अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय सीडीओ वीरेन्द्र सिंह, जिला परियोजना निदेशक विकल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
