0

कोल करप्शन पर ईडी का शिकंजा: जदयू ने साधा पीएम मोदी पर निशाना

By Nov 23, 2025

धनबाद और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में कोयला खनन, तस्करी और ठेका घोटालों से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ईडी ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में 40 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की, जिससे कोयलांचल में हड़कंप मच गया है। इस कार्रवाई में करोड़ों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, जमीन के कागजात और कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद होने की प्रारंभिक जानकारी मिली है।

छापेमारी मुख्य रूप से बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) के कोयला कारोबारियों, आउटसोर्सिंग ठेकेदारों और उनसे जुड़े ठिकानों पर केंद्रित रही। धनबाद में अनिल गोयल, एलबी सिंह, कुंभनाथ सिंह, संजय खेमा, तथा मैथन के कारोबारी अरविंद सिंह और अमर मंडल के ठिकानों पर ईडी की टीमों ने तलाशी ली। यह कार्रवाई कोयला बेल्ट में वर्षों से चल रहे अवैध खनन, कोयला तस्करी और ठेका घोटालों के नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार मानी जा रही है। इससे कोयला माफिया, ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों के बीच गहरी चिंता का माहौल है।

इस बीच, ईडी की कार्रवाई ने राजनीतिक गलियारों में भी गरमाहट ला दी है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता दीप नारायण सिंह ने इस कारवाई को सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप का नतीजा बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “आभार मोदी जी… पिक्चर अभी बाकी है…”। इस पोस्ट के साथ उन्होंने 19 अगस्त, 2025 की एक पुरानी पोस्ट को भी जोड़ा, जिसमें जदयू के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद खीरू महतो द्वारा प्रधानमंत्री को धनबाद में कोयला तस्करी की शिकायत का उल्लेख था।

सूत्रों के अनुसार, झारखंड के जदयू अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे अवैध खनन की विस्तृत शिकायत की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा था, जिसमें सीसीएल और बीसीसीएल क्षेत्रों में कोयला चोरी, हादसों और बंद खदानों में अवैध खनन की घटनाओं का जिक्र किया गया था। ईडी की यह बड़ी कार्रवाई उन्हीं शिकायतों का परिणाम मानी जा रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें