Kanpur Dehat news: शराब के नशे में खेत पर गिरा युवक, मौत से परिवार में मचा कोहराम
कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दुखद घटना सामने आई। नौबस्ता भीखर गांव निवासी 27 वर्षीय शिवरतन उर्फ भोला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शिवरतन शराब के नशे में धुत होकर अपनी मां से मिलने खेत पर गया था। उसकी मां शकुंतला फसल की रखवाली के लिए खेत पर बनी झोपड़ी में मौजूद थीं।
देर रात जब शिवरतन खेत पर पहुंचा, तो झोपड़ी के पास ही वह अचानक गश खाकर गिर पड़ा। परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो वे तुरंत उसे उठाकर घर लाए। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि शिवरतन ने घर में ही दम तोड़ दिया। पति की मौत से पत्नी प्रेमा देवी बेहाल हो गई, जबकि मां शकुंतला और बहनें भी गहरे सदमे में हैं।
सूचना मिलने पर भाऊपुर चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूछताछ की और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया है कि शिवरतन ने अत्यधिक शराब पी रखी थी, जिसके कारण वह बेहोश होकर गिर गया। शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
