कानपुर देहात news: सीडीओ ने किया विकास भवन का औचक निरीक्षण, 6 कर्मचारी मिले अनुपस्थित
कानपुर देहात में सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की लापरवाही पर प्रशासन सख्त हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) विधान जायसवाल ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान, लघु सिंचाई विभाग, डीपीआरओ कार्यालय और आरईडी विभाग सहित कई दफ्तरों के कुल छह कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
सीडीओ ने सुबह 10 बजे के बाद यह निरीक्षण शुरू किया, जिसमें कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की गई। अनुपस्थित कर्मचारियों में लघु सिंचाई विभाग के प्रधान सहायक राकेश कुमार, कनिष्ठ सहायक विक्रांत कुशवाहा व हिमांशु कुमार, मैकेनिक कमल कुमार शामिल थे। इसके अलावा, डीपीआरओ कार्यालय के डीपीएम अनुपम कुमार और आरईडी विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महेंद्र वर्मा भी गैरहाजिर मिले।
इस गंभीर लापरवाही पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है और सख्त चेतावनी जारी की है। सीडीओ ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे समय पर कार्यालय आएं और आकस्मिक अवकाश लेने से पहले मानव संपदा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अवकाश दर्ज करें।
