कानपुर देहात news: शादी में आए युवक को बाइक ने मारी टक्कर, मौत
कानपुर देहात के पुखरायां कस्बे में एक शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। मृतक युवक कैलई गांव का रहने वाला था और अपने दोस्त की शादी में शामिल होने आया था। हादसे के बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बाइक सवार की तलाश कर रही है।
बरौर थाना क्षेत्र के कैलई गांव का रहने वाला 24 वर्षीय अमित सचान बीए का छात्र था। वह गुरुवार को अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए पुखरायां आया था। देर रात रामस्वरूप ग्रामोद्योग कॉलेज के पास तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित को सीएचसी पुखरायां भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अकबरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद अमित को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
भोगनीपुर कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
