कानपुर देहात: रिंद नदी में डूबे युवक का 3 दिन बाद मिला शव, परिजनों ने की FIR की मांग
कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र में रिंद नदी में डूबे एक 25 वर्षीय युवक का शव मंगलवार को बरामद हुआ। युवक तीन दिन पहले भेड़ों को बचाने के प्रयास में नदी में गिर गया था। शव मिलने के बाद परिजनों ने उसके साथ मौजूद लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नहड़ी गांव निवासी श्यामलाल (25) रविवार शाम को अपने कुछ साथियों के साथ भेड़ें चराने गया था। रिंद नदी के पास चर रही भेड़ों पर कुत्तों ने हमला कर दिया। भेड़ों को बचाने के प्रयास में श्यामलाल नदी में गिरकर डूब गया। काफी देर तक वापस न आने पर साथियों ने तलाश की, लेकिन सफलता न मिलने पर परिजनों को सूचना दी।
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम की मदद से तलाश शुरू की। मंगलवार दोपहर को घटनास्थल से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर नदी में शव उतराता मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की मां पार्वती और भाई गोरेलाल, रामलाल, कुलदीप व रामदास ने आरोप लगाया कि साथियों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने पुलिस से उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मैथा चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
