कंगना रनौत के खिलाफ मानहानि मामले में आरोप तय, 4 दिसंबर को अगली सुनवाई
बठिंडा की एक अदालत ने फिल्म अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ दायर मानहानि मामले में सोमवार को आरोप तय कर दिए हैं। इस फैसले के बाद अब मामले में आगे की बहस होगी। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 4 दिसंबर की तारीख तय की है।
पिछली सुनवाई के दौरान कंगना रनौत ने बुज़ुर्ग महिंदर कौर से व्यक्तिगत रूप से माफी मांगी थी। हालांकि, महिंदर कौर के पति लाभ सिंह ने स्पष्ट किया कि उनके परिवार की ओर से कंगना को कोई माफी नहीं दी गई है। लाभ सिंह ने कहा कि कंगना रनौत ने पंजाब की महिलाओं का अपमान किया है, विशेषकर उन महिलाओं का जिनके नाम के पीछे ‘कौर’ शब्द जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार इस केस को अकेले लड़ रहा है और उन्हें किसी भी किसान संगठन का दबाव नहीं है। लाभ सिंह ने अदालत पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।
इस बीच, कंगना रनौत द्वारा सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अदालत में व्यक्तिगत पेशी से छूट के लिए दायर की गई अर्जी पर अदालत ने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। महिंदर कौर के वकील रघुबीर सिंह बहिणीवाल ने बताया कि कंगना को सरकार से सुरक्षा मिली हुई है, ऐसे में पेशी के दौरान खतरे का दावा गलत है। उन्होंने भी इस बात की पुष्टि की कि परिवार की ओर से कंगना को माफी नहीं दी जाएगी और अदालत ने उनके खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं।
यह मामला तब शुरू हुआ था जब कंगना रनौत ने किसान आंदोलन के दौरान कुछ विवादास्पद बयान दिए थे, जिसके बाद महिंदर कौर ने उनके खिलाफ मानहानि का केस दायर किया था। 27 अक्टूबर को हुई पिछली सुनवाई में कंगना स्वयं अदालत में पेश हुई थीं और उन्होंने महिंदर कौर से माफी मांगी थी, जिसके बाद मामले की अगली तारीख 24 नवंबर तय की गई थी। कंगना की कानूनी टीम ने पिछली पेशी पर ही व्यक्तिगत हाजिरी से छूट की अर्जी भी दायर की थी, जिस पर अदालत का फैसला अभी आना बाकी है।
अदालत द्वारा आरोप तय किए जाने के बाद अब यह मामला एक नई दिशा में बढ़ेगा, जहां दोनों पक्षों की ओर से दलीलें पेश की जाएंगी। 4 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में इस मामले की प्रगति पर सबकी निगाहें रहेंगी।
