कमल कौर भाभी हत्याकांड: मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह UAE में छिपा, कोर्ट ने भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की
बठिंडा की जिला अदालत ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की हत्या के मामले में फरार चल रहे सिख हार्डलाइनर अमृतपाल सिंह मैहरों और उसके सहयोगी रंजीत सिंह को भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने अदालत को बताया कि दोनों आरोपित लगातार गिरफ्तारी से बच रहे हैं और अमृतपाल सिंह के संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में छिपे होने की आशंका है।
1 दिसंबर को हुई सुनवाई के दौरान अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आरोपितों के खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट तामील नहीं हो पाए हैं। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि आरोपित जान-बूझकर गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हैं और उन्हें सामान्य प्रक्रिया के जरिए अदालत में पेश नहीं किया जा सकता। ऐसे में उनके खिलाफ उद्घोषणा जारी करना आवश्यक है। इस मामले की आगामी सुनवाई 22 दिसंबर को होगी।
एसएसपी अमनीत कोंडल ने बताया कि राज्य सरकार केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर अमृतपाल सिंह को यूएई से भारत लाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है। सूत्रों के अनुसार, आरोपितों को भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद इंटरपोल से रेड कार्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया और मजबूत होगी। गौरतलब है कि 27 नवंबर को मृतका की मां गिरजा देवी ने अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश राजीव कालड़ा की अदालत में अपना बयान दर्ज कराया था, जिससे मामले को कानूनी मजबूती मिली है।
