किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज-कीटनाशक मिले, 24 नमूने जांच को भेजे
जिले में रबी फसलों की बोआई पूरी हो चुकी है, जिसके तहत एक लाख हेक्टेयर में गेहूं, 55 हजार हेक्टेयर में आलू, 10 हजार हेक्टेयर में मिर्च और 15 हजार हेक्टेयर में सरसों की खेती की गई है। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रमेश रंजन के निर्देश पर कृषि विभाग की टीमों ने बुधवार को बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की। इस अभियान के तहत कुल 40 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें से गेहूं बीज के 16 और कीटनाशकों के आठ, कुल 24 नमूने संकलित कर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने शिकोहाबाद एवं सिरसागंज क्षेत्र में जबकि उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने फिरोजाबाद क्षेत्र में छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने विक्रेताओं के यहां बीज एवं कीटनाशकों के संबंध में अभिलेखों की भी गहनता से जांच की। इस दौरान दो प्रतिष्ठानों को अभिलेखों में अनियमितता पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसानों को किसी भी सूरत में निम्न गुणवत्ता वाले बीज या कीटनाशक उपलब्ध नहीं कराए जाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि किसी विक्रेता ने इस मामले में अनदेखी की तो उसका लाइसेंस तत्काल निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई सुनिश्चित करेगी कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित फल मिले और फसलों को खरपतवारों और कीटों से प्रभावी सुरक्षा प्राप्त हो सके।
