कहलगांव में NDA को झटका: भाजपा विधायक पवन यादव ने की बगावत, निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव
कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में एनडीए गठबंधन को उस समय बड़ा झटका लगा, जब सीट जदयू के खाते में जाने से नाराज भाजपा विधायक पवन कुमार यादव ने बगावत का बिगुल फूंक दिया। सोमवार को उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन करने का निर्णय लिया है। यह फैसला कार्यकर्ताओं की एक आभार सभा में लिया गया, जहां सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और विधायक के समर्थक मौजूद थे।
सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं में कहलगांव सीट जदयू को दिए जाने को लेकर गहरा रोष देखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नेतृत्व ने अन्याय किया है, क्योंकि आजादी के बाद कहलगांव में भाजपा का खाता सबसे ज्यादा मतों से जीतकर खुला था। कार्यकर्ताओं ने नेतृत्व के इस निर्णय का पुरजोर विरोध किया और विधायक पवन कुमार यादव पर निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए दबाव बनाया, जिसे विधायक ने स्वीकार कर लिया।
इस बैठक की सूचना पर भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार भी पहुंचे थे। हालांकि, कार्यकर्ताओं के बढ़ते विरोध और विधायक के फैसले को देखते हुए वे सभा से निकल गए। पत्रकारों से बातचीत में जिलाध्यक्ष ने गठबंधन धर्म का पालन किए जाने की बात कही।
विधायक पवन यादव ने कहा कि वे 23 साल से इस क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “क्षेत्र की जनता जो कहेगी, मैं वही करूंगा। 2020 में सभी ने मिलकर मुझे विधायक बनाया था और मैंने पांच साल के कार्यकाल में क्षेत्र का विकास किया है। भाजपा मेरा परिवार है और मैंने उसकी सेवा की है।” उन्होंने यह भी बताया कि जनता ने उनके नामांकन की तैयारी शुरू कर दी है। जदयू उम्मीदवार शुभानंद मुकेश ने विधायक से मुलाकात भी की थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। यह घटनाक्रम आगामी विधानसभा चुनाव में कहलगांव सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना को जन्म दे रहा है।
