कड़ाके की ठंड में कंबल ओढ़े सोया व्यक्ति, सुबह नहीं खुली आंखें
सोनभद्र में कड़ाके की ठंड ने एक व्यक्ति की जान ले ली। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ईको प्वाइंट वीर लोरिक पत्थर के पास सड़क के किनारे गुरुवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव कंबल ओढ़े हुए मिला। स्थानीय लोगों ने जब सुबह वहां से गुजरते हुए व्यक्ति को देखा और कंबल हटाकर जांच की तो वह मृत अवस्था में पाया गया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। सूत्रों के अनुसार, मृतक ने हरे रंग का स्वेटर पहना हुआ था जिस पर सफेद व काले रंग की धारीदार पट्टी थी, साथ ही उसने सफेद रंग की पैंट भी पहनी थी। उसके सिर और दाढ़ी के बाल सफेद थे, जिससे उसकी उम्र लगभग 55 वर्ष आंकी जा रही है।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों का प्रथम दृष्टया मानना है कि अत्यधिक ठंड के कारण इस व्यक्ति की मौत हुई है। लोढ़ी चौकी प्रभारी ने बताया कि सुबह कुछ लोगों द्वारा सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे थे। पहचान न हो पाने की स्थिति में, शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके और उसके परिजनों तक पहुंचा जा सके।
