0

कांगड़ा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 110 टन अवैध लकड़ी से लदा ट्रक पकड़ा

By Nov 24, 2025

कांगड़ा वन विभाग ने अवैध लकड़ी के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रात में एक ट्रक को पकड़ा है, जिसमें करीब 110 टन लकड़ी लदी हुई थी। यह लकड़ी बिना किसी वैध परमिट के ले जाई जा रही थी, जिसकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

सूत्रों के अनुसार, वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध रूप से काटी गई लकड़ी को एक निजी वाहन से होशियारपुर ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर, वन विभाग की एक टीम ने सक्रियता दिखाते हुए पुराना कांगड़ा घाट पर नाका लगाया। रात के अंधेरे में जब एक संदिग्ध ट्रक वहां से गुजरा, तो उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक चालक लकड़ी ले जाने के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सका।

पकड़ी गई लकड़ी में सफेदे, खिड़क, फना और बदोह प्रजाति की लकड़ियां शामिल हैं। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह लकड़ी सरकारी वन क्षेत्र से काटी गई है या किसी निजी जमीन से, जिसकी जांच की जा रही है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों ने इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है और कहा है कि अवैध लकड़ी के कारोबार में शामिल माफिया को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग इस तरह के गैरकानूनी धंधों पर नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में वनरक्षक वरुण, वन मित्र अभय, विशाल और संयम भी टीम के साथ मौजूद थे।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें