काकद्वीप में सनसनी: वकील के चैंबर में फंदे से लटकी मिली लॉ छात्रा, आरोपी फरार
बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रथम वर्ष की लॉ छात्रा का शव बुधवार शाम एक वकील के चैंबर में फंदे से लटका मिला। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से ही चैंबर का मालिक और संबंधित वकील फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है।
मृतका गांधीनगर इलाके की रहने वाली थी और अपनी पढ़ाई से संबंधित प्रैक्टिस के लिए रोजाना स्थानीय वकील के चैंबर में जाती थी। परिजनों के अनुसार, छात्रा बुधवार सुबह हमेशा की तरह घर से निकली थी, लेकिन शाम को उन्हें उसकी मौत की दुखद खबर मिली। परिजनों ने तत्काल काकद्वीप थाने में वकील के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अस्वभाविक मौत का संदेह जताया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल से एक बैग बरामद हुआ है, जिसमें एक प्रेम पत्र भी मिला है। छात्रा के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया है कि यह प्रेम पत्र मृतका और फरार वकील के बीच घनिष्ठ संबंधों की ओर इशारा करता है। उनका मानना है कि रिश्ते में आए तनाव के कारण ही छात्रा ने यह चरम कदम उठाया होगा या उसे ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया होगा। इन आरोपों के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
सुंदरबन पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की है कि आरोपित वकील के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। अधिकारी ने बताया कि फरार वकील की तलाश के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, छात्रा की मौत की खबर के बाद से परिवार, पड़ोसी और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।
