शादी के 7 दिन बाद ही दुल्हन ने दिया धोखा, लाखों के जेवर-नगदी लेकर फरार; बिचौलिया भी लापता
बागपत के एक गांव में शादी के एक हफ्ते बाद दुल्हन नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित पति ने बताया कि शादी 21 अक्टूबर 2025 को हुई थी और दुल्हन 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर भागी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक की पत्नी शादी के एक सप्ताह बाद ही नगदी और जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित पति उसके मकान पर पहुंचा तो दुल्हन समेत उसके स्वजन फरार मिले। फरार पत्नी की तलाश में पति इधर-उधर भटक रहा है।
क्षेत्र के एक गांव के युवक ने बताया कि उसकी शादी दिल्ली के मजनू का टीला निवासी एक युवती से 21 अक्टूबर 25 को हुई थी। आरोप है कि शादी की एवज में गांव के ही एक व्यक्ति ने दो लाख रुपये लिए थे। सन्नी ने बताया कि शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन उसके मकान पर ललियाना में आ गई। एक सप्ताह तक उसकी पत्नी घर पर रही। उसके बाद पत्नी का भाई, मां और बहन उसे लेने ललियाना आए और हंसी खुशी उसे अपने साथ ले गए।
पीड़ित का आरोप है कि दुल्हन अपने साथ पचास हजार रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवर भी ले गई। दुल्हन के जाने के बाद जब पीड़ित स्वजन ने मकान में रखी नगदी और जेवर देखे तो वे गायब मिले। जानकारी मिलने पर वे तभी दुल्हन के घर मजनूं का टीला दिल्ली पहुंचे तो उन्हें न तो दुल्हन मिली और न ही उसके स्वजन ही मिले। पड़ोसियों से जानकारी की तो उन्होंने बताया कि वह परिवार किराए पर रहता था, जो अब वहां से चले गए हैं। पीड़ित और उसके स्वजन में हड़कंप मच गया है। अब वे लगातार उसकी तलाश में लगे हैं, लेकिन कोई जानकारी नही मिल पा रही है।
पीड़ित ने बताया कि दुल्हन के गायब होने के बाद से बिचौलिया भी अपने मकान से गायब हो गया है जिसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। शादी के एक सप्ताह बाद ही नगदी और जेवरात लेकर फरार हुई दुल्हन को पीड़ित ढूंढ तो रहे हैं, साथ ही उन्हें इस बात का भी डर सता रहा है कि कहीं दुल्हन उनके खिलाफ दहेज का मुकदमा न कायम करा दे।
