झारखंड: नक्सलियों की कायराना हरकत, जंगल में पत्ता तोड़ने गई युवती IED ब्लास्ट की शिकार, मौत
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों की क्रूरता एक बार फिर सामने आई है। जेराईकेला थाना क्षेत्र के कोलभोंगा जंगल में सियाली पत्ता तोड़ने गई तीन महिलाएं नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी की चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक हादसे में फूलों धनवार नामक एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
ग्रामीणों के अनुसार, ये महिलाएं हर दिन की तरह जंगल में पत्ता तोड़ने गई थीं ताकि अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। लेकिन उन्हें क्या पता था कि नक्सलियों ने उनके रास्ते में मौत बिछा रखी है। विस्फोट इतना भीषण था कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद से ग्रामीण इतने डरे हुए हैं कि उन्होंने जंगल की तरफ जाना बंद कर दिया है। पुलिस और सुरक्षा बल अब इलाके में सर्च अभियान चला रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों में नक्सलियों के प्रति गहरा आक्रोश और डर व्याप्त है।
