0

झरिया फायर एरिया का पीएम प्रधान सचिव ने किया निरीक्षण, पुनर्वास में तेजी लाने पर जोर

By Dec 3, 2025

प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा ने मंगलवार रात दुर्गापुर एयरपोर्ट से सीधे झरिया के अग्नि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने बीसीसीएल की ऐना फायर प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से झरिया की आग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में, प्रधान सचिव मिश्रा ने बीसीसीएल अधिकारियों से पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से किए जा रहे कार्यों और उनकी वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल अच्छा कार्य कर रही है, लेकिन लोगों का विश्वास जीतने पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। उनके अनुसार, जब तक लोगों का विश्वास नहीं जीता जाएगा, तब तक कार्य सुचारू रूप से आगे नहीं बढ़ पाएंगे। विश्वास जीतने के बाद बाकी कार्य स्वतः सरल हो जाएंगे।

प्रधान सचिव मिश्रा ने बेलगड़िया सहित अन्य पुनर्वास स्थलों पर बसाए जा रहे प्रभावित परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने बेलगड़िया में प्रभावित लोगों को रोज़गार के लिए दिए गए टोटो वाहनों का भी निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उन्हें आवश्यक सुविधाएं अवश्य मिलेंगी।

उन्होंने बीसीसीएल और जिला प्रशासन को खतरनाक क्षेत्रों से लोगों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने का निर्देश दिया। प्रधान सचिव ने कहा कि संपूर्ण कार्ययोजना तैयार है, अब उसे समय पर धरातल पर उतारने की जरूरत है। धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने पुनर्वास और अन्य कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, जबकि बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने झरिया की आग और उससे निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि झरिया में कोकिंग कोल का अत्यंत बड़ा भंडार मौजूद है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव बुधवार को आईआईटी (आईएसएम) के शताब्दी स्थापना सप्ताह के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उनके इस दौरे से झरिया के पुनर्वास और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें