जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बचाए सेवानिवृत्त अधिकारी के 40 लाख रुपये, ‘डिजिटल अरेस्ट’ cyber fraud का शिकार हुए थे
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ scam के एक बड़े मामले में त्वरित कार्रवाई की है। एक सेवानिवृत्त भारतीय वायुसेना अधिकारी को ठगों ने निशाना बनाया था और उनसे 52.90 लाख रुपये की ठगी की गई थी। पुलिस की साइबर अपराध जांच केंद्र (CICE) ने समय रहते कार्रवाई करते हुए अधिकारी के करीब 40 लाख रुपये बचा लिए हैं।
यह घटना तब सामने आई जब 6 फरवरी को सेवानिवृत्त अधिकारी ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि ठगों ने उन्हें ‘डिजिटल अरेस्ट’ का झांसा दिया। इस तरह के scam में ठग पीड़ित को यह विश्वास दिलाते हैं कि वे किसी अपराध में शामिल हैं और उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे पैसे की मांग करते हैं।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। जिन बैंक खातों में ठगी की गई राशि भेजी गई थी, उनकी पहचान की गई। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के तीन घंटे के भीतर ही उन खातों को फ्रीज कर दिया गया। इस कार्रवाई से कुल 39.90 लाख रुपये सुरक्षित कर लिए गए। पुलिस ने बताया कि यह राशि जल्द ही कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित अधिकारी को वापस कर दी जाएगी।
