0

जम्मू में पूर्व सैनिकों के लिए विशेष रोजगार मेला, मिलेगा नई नौकरी का अवसर

By Nov 26, 2025

जम्मू में पूर्व सैनिकों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर आने वाला है। रक्षा मंत्रालय के निदेशालय जनरल रिसेटलमेंट (डीजीआर) द्वारा 5 दिसंबर को सतवारी कैंटोनमेंट, जम्मू में एक विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के पूर्व सैनिकों को उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर कॉर्पोरेट और उद्योग जगत में प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर प्रदान करना है, ताकि वे समाज में सफलतापूर्वक पुनर्स्थापित हो सकें।

यह रोजगार मेला सुबह सात बजे से शुरू होकर पूरे दिन चलेगा। इसमें सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), प्रशासन, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवा और इंजीनियरिंग जैसे विविध क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। इन कंपनियों द्वारा पूर्व सैनिकों की नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और तकनीकी विशेषज्ञता को ध्यान में रखते हुए उन्हें बेहतर करियर विकल्प दिए जाएंगे। रक्षा मंत्रालय की यह महत्वपूर्ण पहल पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

सूत्रों के अनुसार, इस वित्त वर्ष में डीजीआर द्वारा देश भर में अब तक 18 रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें दिल्ली, चेन्नई, अहमदाबाद, लखनऊ, वाराणसी और कोलकाता जैसे शहरों में आठ मेले शामिल हैं। जम्मू में आयोजित होने वाला यह मेला प्रदेश के पूर्व सैनिकों को निजी क्षेत्र में अपनी योग्यता के अनुसार अच्छी नौकरी पाने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।

नौकरी देने वाली कंपनियों के सदस्य मेले में उपस्थित होकर योग्य उम्मीदवारों का मौके पर ही साक्षात्कार ले सकेंगे। कंपनियों को योग्य, समर्पित और मिशन-रेडी उम्मीदवारों के रिज्यूमे भी उपलब्ध कराए जाएंगे। पूर्व सैनिक और उन्हें नियुक्त करने की इच्छुक कंपनियां ‘www.esmhiger.com’ पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं। यह एक विशेष आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित जॉब पोर्टल है जो पूर्व सैनिकों के लिए ही बनाया गया है। पंजीकरण लिंक डीजीआर की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। यह पंजीकरण पूर्व सैनिकों के लिए पूर्णतः निशुल्क है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें