आजम खान ने जेल में पत्नी व बेटे से मिलने से किया इनकार, परिवार मायूस
रामपुर की जिला जेल में बंद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान और उनके बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम ने बुधवार को अपने परिवार से मुलाकात करने से मना कर दिया। इस फैसले से उनसे मिलने आई उनकी पत्नी पूर्व सांसद डॉ. तंजीम फातिमा, बड़े बेटे अदीब और बहन निगहत अखलाक को मायूस होकर लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, डॉ. तंजीम फातिमा, अदीब और निगहत अखलाक ने जेल में आजम खान और अब्दुल्ला आजम से मुलाकात के लिए जेल प्रशासन के पास पर्ची लगाई थी। जेल नियमानुसार, उनकी पर्ची अंदर आजम खान और अब्दुल्ला आजम तक पहुंचाई गई। लेकिन, दोनों ने ही मुलाकात करने से साफ तौर पर इनकार कर दिया। इस इनकार के बाद परिवार के सदस्यों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
गौरतलब है कि आजम खान और अब्दुल्ला आजम को दो पैन कार्ड मामले में एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट से सात साल की कारावास की सजा सुनाई गई है। 17 नवंबर को सजा सुनाए जाने के बाद से ही दोनों जिला कारागार में बंद हैं।
जेल में बंद होने के बाद से ही आजम खान जेल में मिल रही सुविधाओं को लेकर नाराजगी जाहिर करते रहे हैं। उन्होंने अपने बेटे के साथ एक ही जेल में रहने और क्लास वन की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग की थी, जिसे जेल प्रशासन ने जेल मैनुअल का हवाला देते हुए खारिज कर दिया था। इसके अलावा, एक मामले में कोर्ट में पेशी के दौरान कैदी वाहन में बैठने से मना करने और जेल गेट से बाहर न निकलने जैसी घटनाएं भी सुर्खियों में रही हैं।
न्यायालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी के दौरान भी आजम खान ने अपनी दवाओं और ठंड से बचाव के लिए कंबल न मिलने की शिकायत की थी। उनके वकीलों ने भी जेल प्रशासन पर मुलाकात न कराने देने जैसे आरोप लगाए थे। इन सब घटनाओं के बीच, परिवार से मुलाकात से इनकार करना एक और नई चर्चा का विषय बन गया है।
