0

जेवरात न लाने पर दूल्हे को बनाया बंधक, दुल्हन ने शादी से किया इनकार

By Nov 28, 2025

परियावां क्षेत्र के टिकरियामऊ कुसवापुर गांव में एक अनोखी घटना सामने आई है, जहां जेवरात न लाने से नाराज दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके रिश्तेदारों को जयमाला से पहले ही बंधक बना लिया। बलीपुर से सोमवार रात आई बारात के दौरान द्वारचार के वक्त दुल्हन पक्ष को यह पता चला कि वर पक्ष दुल्हन के लिए जेवरात नहीं लाया है।

इस बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे रामबाबू और उसके कुछ रिश्तेदारों को बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा।

पुलिस के अथक प्रयास के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ और आखिरकार थाने में पंचायत बुलाई गई। वहां भी कोई समझौता नहीं हो सका। दुल्हन पक्ष 1.65 लाख रुपये की मांग पर अड़ा था, जो दूल्हे पक्ष पूरी नहीं कर सका। अंततः, पैसे की मांग पूरी न होने पर बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

इस घटना के बाद, दूल्हे रामबाबू पुत्र रामप्यारे ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुल्हन के पिता छोटे लाल, भाई पुत्ते व बउवा, और मामा हरिश्चंद्र निवासी बरियावां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नवाबगंज थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि दूल्हे की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

About Amit Sagar

Journalist covering latest updates.

साझा करें