0

जबलपुर: पटरी पार करते छह यात्री मालगाड़ी की चपेट में, एक महिला की दर्दनाक मौत

By Dec 7, 2025

जबलपुर के मदन महल रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे रेल पटरी पार करते समय एक बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफार्म से उतरकर पटरियां पैदल पार करने की कोशिश कर रहे छह यात्री एक अनियंत्रित मालगाड़ी से टकरा गए। इस भीषण हादसे में नरसिंहपुर निवासी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

यह घटना तब हुई जब रानी कमलापति से चलकर मदन महल जनशताब्दी एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन से उतरकर बाहर निकलने की जल्दी में कुछ यात्री प्लेटफार्म नंबर एक से उतरकर सीधे रेल पटरी पार करते हुए प्लेटफार्म नंबर दो की ओर जा रहे थे। वे मुख्य स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी उसी लाइन पर जबलपुर से कछपुरा की ओर जा रही एक मालगाड़ी आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी का चालक जब तक ब्रेक लगा पाता, तब तक यात्री उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल यात्री आपस में परिचित थे और नरसिंहपुर से जनशताब्दी एक्सप्रेस में जबलपुर आ रहे थे। मदन महल स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर, उनका यात्री डिब्बा जबलपुर स्टेशन के करीब होने के कारण, उन्होंने जल्दी बाहर निकलने के लिए रेल पटरी पार करने का शॉर्टकट चुना। पुरुष यात्री तो किसी तरह प्लेटफार्म पर चढ़ गए, लेकिन उनके साथ जा रही तीन महिलाएं और दो बच्चे प्लेटफार्म पर पहुँच पाते, उससे पहले ही वे मालगाड़ी की चपेट में आ गए। बच्चों की उम्र दो से पांच साल के बीच बताई जा रही है। गनीमत रही कि बच्चों को गंभीर चोटें नहीं आईं, वहीं अन्य दो महिलाओं की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मदन महल रेलवे स्टेशन के अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को तुरंत मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात तक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच की। इस जांच में यह बात सामने आई है कि यात्रियों ने फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय शॉर्टकट अपनाने के चक्कर में यह खतरनाक कदम उठाया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक व दो अन्य घायलों की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें