0

जामताड़ा में नकली शराब सिंडिकेट का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार, 16 लाख की शराब जब्त

By Dec 2, 2025

जामताड़ा पुलिस ने नकली विदेशी शराब के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रविवार की रात एक ट्रक से भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब और स्प्रिट के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह सिंडिकेट बिहार और बंगाल में नकली शराब की तस्करी करता था।

पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने सोमवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुरकुरे की बोरियों के बीच छिपाकर नकली शराब बिहार भेजी जा रही है। इस सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और नारायणपुर थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह मोड़ पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने डब्ल्यूबी 51 सी 5752 नंबर के डीसीएम ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर पुलिस को ट्रक में कुरकुरे की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 210 पेटी नकली विदेशी शराब और 78 पेटी स्प्रिट बरामद हुई। इसके अलावा, इस नकली शराब की खेप की स्कॉटिंग कर रही दो कारों से भी 15 पेटी शराब जब्त की गई। बरामद की गई नकली शराब की कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि बिहार में इसकी कीमत लगभग 45 लाख रुपये तक हो सकती है।

पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक दारा सिंह, चंद्रदेव मंडल, रहीम अंसारी और संतोष पासवान को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी धनबाद जिले के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से उनके मोबाइल फोन, 50 बोरी कुरकुरे खाद्य वस्तु और 33 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह एक बड़ा आपराधिक सिंडिकेट है और इसका सरगना धनबाद का राजा यादव है। जांच में कुछ और लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं, जिन पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों में से चंद्रदेव मंडल का नकली विदेशी शराब के कारोबार में पुराना इतिहास रहा है और वह इस संबंध में कई बार जेल जा चुका है। बताया जा रहा है कि इस सिंडिकेट में कई प्रभावशाली लोग भी शामिल हैं। धनबाद जिले के मनियाडीह इलाके के करमाटांड़ गांव का रहने वाला चंद्रदेव मंडल कई वर्षों से इस अवैध कारोबार में सक्रिय है और उसे पहले भी गिरिडीह जिले के ताराटांड़ और जामताड़ा के बिंदापाथर थाना क्षेत्रों में नकली शराब के मामले में जेल भेजा जा चुका है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें