जालौन में बारात मातम में बदली: दूल्हे के दोस्त को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचला
जालौन में एक खुशियों से भरी बारात उस समय मातम में बदल गई, जब दूल्हे के एक करीबी दोस्त की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह दुखद घटना कदौरा-हमीरपुर मार्ग पर शनिवार रात को घटी, जब ग्राम बबीना से कदौरा के रायल नूर गार्डन की ओर जा रही बारात के दौरान 27 वर्षीय शिवम सैनी की स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, संतोष कुशवाहा के पुत्र शिवपाल कुशवाहा की बारात बैंड-बाजों के साथ धूमधाम से चल रही थी। बारात में शिवपाल का दोस्त शिवम सैनी भी नाच-गाकर शामिल था। जब बारात गेस्ट हाउस के बाहर पहुंची, तो कुछ बाराती सड़क के बीच डिवाइडर पर खड़े हो गए। इसी दौरान शिवम के साथियों ने उसे सड़क पार कर बारात में शामिल होने को कहा। जैसे ही शिवम ने सड़क पार करना शुरू किया, हमीरपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (लगभग 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम करीब 10 मीटर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। यह हृदय विदारक दृश्य देखकर बारात में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंजने लगी। स्कॉर्पियो चालक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
अन्य बारातियों ने तुरंत घायल शिवम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय बारात में बज रहे बैंड की धुनें अचानक सन्नाटे में बदल गईं।
सूत्रों के अनुसार, शिवम सैनी की शादी आगामी 3 मई को तय थी। इस खबर से उसके परिवार में मातम पसर गया है। शिवम के भाई सागर और मां छोटी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुछ बारातियों ने स्कॉर्पियो का पीछा भी किया, जिसके बाद चालक उसे जोल्हूपुर के पास छोड़कर भाग गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है, जो ज्ञान भारती चौकी में खड़ी है।
थाना प्रभारी प्रभात सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताई है।
