अंतरराज्यीय साइबर ठगी का भंडाफोड़, बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से लाखों की लूट का खुलासा
ओडिशा पुलिस ने कटक से संचालित हो रहे एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों के साथ चार निजी बैंकों के कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर राज्य और राज्य के बाहर कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। यह गिरोह सोशल मीडिया पर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लोगों को फंसाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू नायक, नारायण दास और रुद्रमाधव महापात्र शामिल हैं। इनके साथ उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, बंधन बैंक, एक्सिस बैंक और सूर्योधय स्मॉल फाइनेंस बैंक के कर्मचारी भी पकड़े गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर ट्रेडिंग में निवेश के लिए विज्ञापन देते थे और शुरुआती मुनाफे का लालच देकर निवेशकों से बड़ी रकम ऐंठ लेते थे।
ठगी के बाद आरोपी बेनामी कंपनियों के नाम पर करंट अकाउंट खोलते थे और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड खरीदते थे। ठगी के बाद खाते बंद कर सिम कार्ड नष्ट कर दिए जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में मोबाइल फोन, लैपटॉप, डेस्कटॉप, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, वाहन और नकदी जब्त की है। लगभग 90 लाख रुपये के बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया गया है। इस ठगी का खुलासा एक शिकायत के बाद हुआ, जिसमें ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की लूट का आरोप था।
