नोएडा में CAQM टीम का निरीक्षण: 142 सड़कों पर सिर्फ 4 जगह मिली ज्यादा धूल, प्रदूषण नियंत्रण पर रिपोर्ट तैयार
वायु गुणवत्ता निगरानी आयोग (CAQM) की 10 सदस्यीय टीम ने नोएडा में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने 142 सड़कों का जायजा लिया, जिसमें से केवल चार जगहों पर धूल का स्तर अधिक पाया गया। इसके अलावा, 24 जगहों पर धूल का स्तर मध्यम और 66 जगहों पर बेहद कम पाया गया, जबकि 48 जगहों पर धूल बिल्कुल भी नजर नहीं आई।
यह निरीक्षण शहर में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जांच का हिस्सा था। प्राधिकरण द्वारा सड़कों पर धूल और कचरा जमा होने से रोकने के लिए किए गए प्रयासों को टीम ने सराहा। टीम ने ठोस अपशिष्ट (MSW) के निपटान और निर्माण व तोड़फोड़ (C&D) से निकलने वाले मलबे के प्रबंधन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के आधार पर आयोग की टीम ने एक रिपोर्ट तैयार की है, जिसमें प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर विस्तृत जानकारी शामिल है।
