कनाडा के Toronto में भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या, यूनीवर्सिटी कैंपस के पास हुई घटना
कनाडा के टोरंटो शहर में एक भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 20 वर्षीय शिवंक अवस्थी यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो कैंपस के पास स्थित हाइलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड इलाके में मृत पाए गए। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को हुई इस घटना में शिवंक को गोली लगी थी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद संदिग्ध भाग निकले, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। यह इस साल टोरंटो में हुई 41वीं हत्या है।
टोरंटो में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने एक बयान में कहा कि वे पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर हर जरूरी सहायता प्रदान कर रहे हैं।
शिवंक अवस्थी की हत्या ने यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो के छात्रों के बीच भय और आक्रोश पैदा कर दिया है। छात्रों ने सोशल मीडिया पर सुरक्षा व्यवस्था में कमी को लेकर चिंता व्यक्त की है। छात्रों का कहना है कि कैंपस के पास का यह इलाका, जहां अक्सर छात्र आते-जाते हैं, असुरक्षित महसूस हो रहा है। छात्रों ने संदिग्धों के बारे में सीमित जानकारी जारी करने पर भी सवाल उठाए हैं।
शिवंक अवस्थी यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो की चीयरलीडिंग टीम के सदस्य भी थे। टीम ने इंस्टाग्राम पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शिवंक हमेशा अभ्यास के दौरान उत्साह बढ़ाते थे और अपने व्यवहार से सभी के चेहरे पर मुस्कान लाते थे।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कुछ ही दिन पहले टोरंटो में एक और भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की हत्या का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले को ‘घरेलू हिंसा’ से जुड़ा बताया है और एक संदिग्ध की तलाश कर रही है। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस मामले में भी परिवार को सहायता प्रदान की जा रही सहायता की पुष्टि की है।
