होली पर सोशल मीडिया पर बढ़ी निगरानी, भड़काऊ पोस्ट पर होगी कार्रवाई – Lucknow Police
लखनऊ पुलिस ने होली के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और किसी भी प्रकार की अफवाहों या भड़काऊ सामग्री को फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का फैसला किया है। इस संबंध में 11 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो 24 घंटे इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म्स, व्हाट्सएप, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और फेसबुक, इंस्टाग्राम पर नजर रखेंगी। पुलिस उपायुक्त अपराध, कमलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट डालकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने पर तत्काल हिरासत में लेकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नरेट स्तर पर संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध, पुलिस उपायुक्त अपराध और पांचों जोन के डीसीपी के निर्देशन में यह टीमें काम करेंगी। इसके अलावा, साइबर क्राइम सेल हजरतगंज और साइबर थाना को भी सक्रिय कर दिया गया है। हाल ही में ईरान में हुई एक घटना के बाद उत्पन्न हुई अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए भी यह एहतियाती कदम उठाया गया है, ताकि किसी भी तरह की गलत सूचना या नफरत फैलाने वाली पोस्ट से बचा जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्हाट्सएप ग्रुप या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई आपत्तिजनक पोस्ट पाई जाती है, तो उस ग्रुप के एडमिन की भी जिम्मेदारी होगी कि वह तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दे। यदि एडमिन ऐसा नहीं करता है और पुलिस की जांच में पोस्ट आपत्तिजनक पाई जाती है, तो पोस्ट करने वाले के साथ-साथ ग्रुप एडमिन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, होली के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। डीसीपी ट्रैफिक ने कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 जारी किया है, जिस पर नागरिक सड़क हादसों की सूचना दे सकते हैं। प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा सके। होली खेलते समय एंबुलेंस, फायर सर्विस और शव वाहन जैसे आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की भी हिदायत दी गई है।
