उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला, धू-धूकर जली; सवारों ने कूदकर बचाई जान
उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के जाजमऊ चौकी के पास कल्लूपुरवा में लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही एक कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार दो लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई और धू-धूकर जलने लगी।
कार मालिक शिवनारायण तिवारी अपने साथी के साथ लखनऊ से कानपुर लौट रहे थे। जाजमऊ चौकी से कुछ ही दूरी पर कार में आग लगी। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जाजमऊ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया।
