बदायूं मेडिकल कॉलेज में छात्र को ‘काफिर’ कहकर धमकाया, ‘बांग्लादेशी दीपू की तरह जला देंगे’ की धमकी; Budaun news
उत्तर प्रदेश के बदायूं में राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां पैरामेडिकल छात्र मुकेश कुमार ने अपने तीन सहपाठियों पर सांप्रदायिक आधार पर धमकाने का आरोप लगाया है। छात्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि आरोपी उसे ‘काफिर’ कहकर बुलाते थे और बांग्लादेश में हुई घटना का हवाला देते हुए उसे भी जलाकर मारने की धमकी देते थे। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल है।
फिरोजाबाद के रहने वाले मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी छात्र नजरुद्दीन, नोमान और अफनान पिछले कुछ समय से उसे परेशान कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि 23 दिसंबर को भी तीनों ने उसके साथ मारपीट की और अपशब्द कहे। विरोध करने पर आरोपियों ने धमकी दी कि जिस तरह बांग्लादेश में हिंदुओं को मारा जा रहा है, वैसा ही हाल उसका भी किया जाएगा।
मुकेश ने बुधवार को हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकाने की धाराओं में मामला दर्ज किया। चूंकि ये धाराएं सात वर्ष से कम सजा वाली थीं, इसलिए उन्हें शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर चालान किया गया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि तीनों आरोपी छात्रों को 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर छात्रों को कॉलेज से बर्खास्त भी किया जा सकता है।
यह पहली बार नहीं है जब इस कॉलेज में छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। छह महीने पहले भी एमबीबीएस और नर्सिंग के छात्रों के बीच मारपीट हुई थी, जिसकी जांच अभी भी चल रही है।
